श्रीनगर , जून 18 -- नेशनल कॉन्फ्रेंस के कद्दावर नेता और संसद सदस्य (सांसद) आगा सैयद रूहुल्लाह मेहदी ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की 'फ़िराक'में है, ताकि संविधान में बड़े बदलाव किए जा सकें। उनके मुताबिक, इसी इरादे के तहत विपक्षी पार्टियों को कमज़ोर करने और उन्हें तोड़ने का खेल खेला जा रहा है।
दक्षिण कश्मीर के पुलवामा ज़िले में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए श्री मेहदी ने दावा किया कि भाजपा संसद में अपनी ताकत बढ़ाने के लिए तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना जैसी क्षेत्रीय और विपक्षी पार्टियों को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा, "इनके मक़सद छिपे हुए हैं। ये संसद में दो-तिहाई बहुमत इसलिए चाहते हैं ताकि अपनी मर्ज़ी के मुताबिक संवैधानिक संशोधन ला सकें।"सांसद मेहदी ने दलील दी कि अगर भाजपा को यह भारी बहुमत मिल जाता है, तो हुकूमत समान नागरिक संहिता, 'एक देश, एक चुनाव' और परिसीमन से जुड़े बिलों को आसानी से मंज़ूर करा लेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित