पटना , जुलाई 26 -- ूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पटना साहिब सांसद रविशंकर प्रसाद ने रविवार को बांकीपुर विधानसभा के कदमकुआं बुद्ध मंडल में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया।इस अवसर पर श्री प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के जवानों की वीरता और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके साहस और शौर्य को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

श्री प्रसाद ने वीर सैनिकों के साथ ही उनके परिवारजनों, माताओं और बहनों को भी शत-शत नमन किया। उन्होंने कहा कि देश के वैज्ञानिकों द्वारा 'विक्रम-1' की सफल लॉन्चिंग देश के लिए गौरव का क्षण है। साथ ही पिछले एक दशक में खादी की बिक्री 6 गुना बढ़ी है, जिसके परिणामस्वरूप ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ और मजबूत हो रही है।

इसके बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री प्रसाद ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर, गौरिया टोली, चांदमारी रोड, खास महल आदि में प्रबुद्धजनों के साथ बैठक को संबोधित किया और विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क भी किया।

श्री प्रसाद ने बांकीपुर की जनता से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को मिलकर पूर्व विधायक नितिन नवीन की विरासत को आगे बढ़ाना है। उनके नेतृत्व में विधानसभा में जो विकास कार्य हुए हैं और जो कार्य चल रहे हैं, उन्हें गति देकर पूर्ण करवाना है।

श्री प्रसाद ने बांकीपुर में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अटल पथ, मंदिरी नाला, राजीव नगर नाला, सैदपुर एवं बाकरगंज नाला की चर्चा की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पटना के सभी बड़े नालों को ढकने का काम पूरा हो चुका है या अंतिम चरण में है। ये सभी विकास कार्य भाजपा नेतृत्व में ही संभव हुए हैं।

श्री प्रसाद ने कहा कि अकेले गंगा नदी पर आज 6 पुल हैं। बांस घाट का सौंदर्यीकरण हो चुका है। राजेंद्र बाबू का भव्य स्मारक बन रहा है, जिसमें देश का पांचवां 'वेस्ट टू वंडर पार्क' बनेगा जो पटना को नई पहचान देगा।

श्री प्रसाद ने बांकीपुर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा बांकीपुर एक परिवार है और भाजपा के साथ हमेशा रहा है और आगे भी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित