पटना, फरवरी 12 -- सांसदों एवं विधायकों के आपराधिक मामलों की सुनवाई के लिए बिहार की राजधानी पटना में गठित एक विशेष अदालत में गुरूवार को जेल में बंद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की दो पुराने मामलों में पेशी हुई।
विशेष न्यायाधीश प्रवीण कुमार मालवीय की अदालत में पटना पुलिस ने आदर्श केंद्रीय कारागार बेउर से पप्पू यादव को लाकर पेश किया ,जहां अदालत ने उन्हें दोनों मामलों में न्यायिक हिरासत में लेने के बाद वापस जेल भेज दिया।
श्री यादव के वकील विजय आनंद और अजय कुमार ने बताया कि कोतवाली थाना कांड संख्या 1113 / 2019 और कोतवाली थाना कांड संख्या 279/ 2017 में अदालत से जारी पेशी वारंट के आधार पर आज उन्हें अदालत में पेश किया गया था।
सांसद श्री यादव के वकीलों ने बताया कि आज फिर से सिविल कोर्ट परिसर में बम होने का ईमेल मिलने एवं एक वकील के निधन को लेकर शोक सभा हो जाने के कारण जमानत याचिका दाखिल नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि श्री यादव की ओर से शुक्रवार को जमानत याचिका दाखिल की जाएगी।
गौरतलब है कि सांसद श्री यादव को एक पुराने मामले में पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उस मामले में अदालत ने उन्हें जमानत पर मुक्त करने का आदेश दिया है लेकिन गिरफ्तारी के दौरान भी सरकारी कार्य में बाधा डालने का एक मुकदमा पटना पुलिस ने बुद्धा कॉलोनी थाना कांड संख्या 72/ 2026 के रूप में दर्ज किया था। उपरोक्त तीनों मामलों में जमानत होने के बाद ही श्री यादव जेल से मुक्त हो सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित