भरतपुर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में भरतपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में दिशा की बैठक में चिकित्सीय लापरवाही से महिला की मौत के मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मुस्कुराने एवं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी के अनसुनी कर देने से नाराज क्षेत्रीय सांसद संजना जाटव ने दोनों अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस बैठक में सांसद जाटव ने बताया कि पिछले दिनों आंधी-तूफान में छत से गिरकर घायल महिला को कठूमर से भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भेजा गया था, लेकिन उसके इलाज में लापरवाही के चलते दो घंटे बाद महिला की मौत हो गई।

सांसद ने बैठक में बताया कि प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) नगेंद्र भदौरिया एवं निचले स्तर के कर्मचारियों ने उनका फोन तक नहीं उठाया। बैठक में गम्भीर मुद्दे को लेकर की जा रही शिकायत के दौरान भी जब दोनों अधिकारियों ने कोई संजीदगी नहीं दिखाई आई तो सांसद भड़क गईं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित