उदयपुर , जून 08 -- राजस्थान में उदयपुर के सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने सोमवार को कृषि महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्वदेशी उद्योग एवं व्यापार मेला- 2026 के पोस्टर का विमोचन किया।

डाॅ रावत ने इस अवसर पर विकसित भारत संवाद के तहत उद्योग जगत, होटल व्यवसायियों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए विकसित वृहद मेवाड विकसित भारत का द्वार परिकल्पना रखी। उन्होंने कहा कि मेवाड़ में औद्योगिक वातावरण को सशक्त बनाने और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी दो से पांच अक्टूबर तक स्वदेशी उद्योग एवं व्यापार मेले का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने मेले के लिए मनोज जोशी को संयोजक मनोनीत किया।

कार्यक्रम में मेला संयोजक मनोज जोशी ने आयोजन की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. मनोज महला ने आयोजन के प्रायोजक बनने की सहमति प्रदान की है। उन्होंने कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय उद्यमियों को संवाद में शामिल होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, डॉ. मनोज महला, मनोज जोशी और उपस्थित उद्यमियों ने मेले के पोस्टर का सामूहिक विमोचन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित