पौड़ी , दिसम्बर 22 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन 23 व 24 दिसंबर को किया जाएगा। यह प्रतियोगिताएं सांसद खेल महोत्सव की निर्धारित कार्ययोजना के तहत आयोजित की जा रही हैं, जिसमें गढ़वाल संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जनपदों की चयनित टीमें प्रतिभाग करेंगी।

जिला क्रीड़ा अधिकारी पौड़ी जयबीर सिंह रावत ने सोमवार को बताया कि प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया है, जिनके आयोजन स्थल एवं तिथियां निर्धारित कर दी गयी हैं। उन्होंने बताया कि वॉलीबॉल, बैडमिंटन, पिट्ठू, फुटबॉल, कबड्डी एवं खो-खो प्रतियोगिताएं रांसी स्टेडियम, कंडोलिया मैदान एवं इंडोर स्टेडियम पौड़ी में 23 एवं 24 दिसंबर को आयोजित की जाएंगी।

वहीं टेबल टेनिस प्रतियोगिता स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर (चमोली) में 23 एवं 24 दिसंबर को होगी। इसके अतिरिक्त एथलेटिक्स प्रतियोगिता रांसी स्टेडियम पौड़ी में 24 दिसंबर को संपन्न करायी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित