सागर , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध अवैध जहरीली शराब के सेवन से प्रभावित नागरिकों के उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सांसद, विधायक और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने रविवार को बंडा सिविल अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना।
दमोह लोकसभा क्षेत्र के सांसद राहुल सिंह लोधी, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना, कलेक्टर प्रतिभा पाल और पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने अस्पताल के वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
सांसद श्री लोधी ने अस्पताल के चिकित्सकों को सभी मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आबकारी आयुक्त श्री सक्सेना और कलेक्टर श्रीमती पाल ने बताया कि घटना में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एहतियात के तौर पर प्रभावित क्षेत्रों की शराब दुकानों को सील कर शराब के नमूने लिए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रानी कुशवाहा सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा प्रशासनिक और आबकारी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित