उदयपुर , नवम्बर 04 -- राजस्थान में दीपावली के पावन पर्व पर दर्शकों के बीच लोकप्रिय राजस्थानी सुपरहिट फिल्म 'सांवरिया सेठ' अब मायड़ ऐप पर बिल्कुल निःशुल्क उपलब्ध होगी।

फिल्म के निर्देशक डी पी सिंह बासनी ने बुधवार को यहां बताया कि इस पहल के माध्यम से दर्शक घर बैठे अपने पूरे परिवार के साथ राजस्थानी सिनेमा का आनंद उठा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि फिल्म 'सांवरिया सेठ' को हजारों दर्शकों का प्यार और सराहना मिल चुकी है। फिल्म में पारिवारिक रिश्तों की महत्ता, माता-पिता का सम्मान, बच्चों में संस्कार और बुजुर्गों के प्रति आदर जैसे महत्वपूर्ण विषयों को भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म की कहानी मनोरंजन के साथ परिवार को जोड़ने और जीवन में संस्कारों का महत्व समझाने का संदेश देती है।

उन्होंने बताया कि मायड़ ऐप की इस पहल का उद्देश्य राजस्थानी भाषा, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को घर-घर तक पहुंचाना है। दीपावली जैसे पारिवारिक त्योहार पर फिल्म को निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय दर्शकों को अपनी भाषा और संस्कृति से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

श्री बासनी ने कहा कि हजारों दर्शकों से मिले प्यार और सराहना ने उन्हें काफी उत्साहित किया है। उनका प्रयास राजस्थानी भाषा और अपनी संस्कृति के लिए किए जा रहे कार्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से फिल्म को दीपावली पर निःशुल्क उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है, ताकि हर परिवार एक साथ बैठकर फिल्म देख सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित