बैतूल , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के आदिवासी बाहुल्य भीमपुर विकासखंड स्थित शासकीय सांदीपनी विद्यालय में शुक्रवार को औचक जांच के दौरान विद्यार्थियों के पास से करीब 50 मोबाइल फोन, सिगरेट, तंबाकू पाउच तथा एक टॉय गन बरामद कर जब्त की गई। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने संबंधित विद्यार्थियों के पालकों को बुलाकर उन्हें अंतिम चेतावनी दी।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार नियमित अनुशासन अभियान के तहत शिक्षकों ने विद्यार्थियों के बैग एवं अन्य सामग्री की जांच की। इस दौरान बड़ी संख्या में मोबाइल फोन मिलने के साथ कुछ विद्यार्थियों के पास सिगरेट और तंबाकू पाउच भी पाए गए। एक छात्र के पास से खिलौना बंदूक (टॉय गन) भी बरामद हुई, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।

घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन ने संबंधित विद्यार्थियों के पालकों को स्कूल बुलाकर पूरी स्थिति से अवगत कराया और बच्चों की गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने की सलाह दी। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि विद्यालय परिसर में मोबाइल फोन, तंबाकू उत्पाद तथा अन्य प्रतिबंधित सामग्री लाना नियमों के विरुद्ध है और इससे अध्ययन तथा अनुशासन दोनों प्रभावित होते हैं।

विद्यालय प्रशासन ने पालकों से शपथ-पत्र भी लिया, जिसमें भविष्य में विद्यार्थियों द्वारा ऐसी सामग्री स्कूल नहीं लाने तथा घर से निगरानी सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा गया कि भविष्य में दोबारा ऐसी सामग्री मिलने पर विद्यालय के नियमों के अनुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों में अनुशासन बनाए रखने, सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने तथा नशामुक्त परिसर के उद्देश्य से इस प्रकार की औचक जांच आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। साथ ही पालकों से बच्चों के मोबाइल उपयोग और उनकी दिनचर्या पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित