धार , जून 29 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में नई शिक्षा नीति के तहत लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय (पूर्व सीएम राइज स्कूल) का भवन लगभग तैयार हो गया है। जुलाई के अंत तक शेष कार्य पूर्ण होने के बाद भवन का लोकार्पण कर इसे शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार 25 बीघा भूमि पर निर्मित चार मंजिला विद्यालय भवन में वर्तमान शैक्षणिक सत्र से अध्ययन शुरू होने की संभावना है। वर्तमान में विद्यालय की कक्षाएं शासकीय नंदराम चौपड़ा उत्कृष्ट विद्यालय तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय भवन में संचालित हो रही हैं, जहां केजी से कक्षा 12वीं तक के लगभग 1133 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
बताया गया कि इस परियोजना का निर्माण कार्य मार्च 2023 में प्रारंभ हुआ था। भवन निर्माण, आंतरिक फिनिशिंग, विद्युत एवं अन्य आवश्यक कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। खेल परिसर सहित बाहरी सुविधाओं का कार्य अंतिम चरण में है।
विद्यालय में 45 स्मार्ट कक्षाएं, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान और व्यावसायिक शिक्षा की आधुनिक प्रयोगशालाएं, तीन पुस्तकालय, नृत्य कक्ष, खेल कक्ष, स्टाफ रूम, प्रतीक्षालय तथा प्रत्येक मंजिल पर छात्र-छात्राओं के लिए पृथक कॉमन रूम की सुविधा उपलब्ध होगी। भवन में लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है।
विद्यालय परिसर में 400 मीटर का एथलेटिक्स ट्रैक, फुटबॉल मैदान तथा अन्य खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। प्रारंभिक रूप से लगभग 1500 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
पुलिस हाउसिंग बोर्ड के उप संभागीय अधिकारी सुरेश अलावा ने बताया कि भवन निर्माण का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। खेल मैदान सहित शेष कार्य जुलाई के अंत तक पूरे कर भवन शिक्षा विभाग को हस्तांतरित कर दिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित