झुंझुनू , जून 25 -- राजस्थान के झुंझुनू में बुधवार को एक सांड से टकराने से मोटर साइकिल पर सवार एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कॉन्स्टेबल विकास झाझड़िया (35) पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ थे और वह रात में मोटर साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। हवाई पट्टी सर्किल के पास अचानक एक सांड सड़क पर आ गया। उससे टकराकर वह सड़क पर गिर गये।
पुलिस ने बताया कि गिरने से उनके सिर में गहरी चोट आयी। उन्हें बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत, उप पुलिस अधीक्षक गोपाल ढाका और कोतवाल श्रवण कुमार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बीडीके अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित