बैतूल , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में बेसहारा मवेशियों की समस्या एक बार फिर सामने आई है। जय स्तंभ चौक पर बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात दो सांडों के बीच हुई लड़ाई में एटीएम और नगर पालिका की बेंच क्षतिग्रस्त हो गई। घटना देर रात होने के कारण इसकी जानकारी लोगों को गुरुवार सुबह हुई, जब उन्होंने मौके पर सामान को क्षतिग्रस्त हालत में देखा।

स्थानीय निवासी रितेश शर्मा ने बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में बड़ी संख्या में बेसहारा मवेशी घूमते रहते हैं। आए दिन इनके आपस में भिड़ने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सड़कों पर अचानक मवेशियों के लड़ने से वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

उन्होंने बताया कि जय स्तंभ चौक पर रात में दो सांडों की लड़ाई के दौरान एटीएम और नगर पालिका की बेंच क्षतिग्रस्त हुई। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना ने शहर में बेसहारा मवेशियों की समस्या को लेकर नगर पालिका की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं।

इधर, नगर पालिका ने बेसहारा मवेशियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया है। बुधवार को चलाए गए अभियान के दौरान करीब 11 मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजा गया। नगर पालिका अधिकारियों का कहना है कि सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

नगर पालिका के सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि पूर्व में भी कुछ सांडों को पकड़कर शहर से बाहर भेजा गया था, लेकिन वे दोबारा शहर में लौट आए। अब उन्हें फिर पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बेसहारा मवेशियों से आम लोगों को परेशानी न हो और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाया जा सके, इसके लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है। नगर पालिका ने नागरिकों से पालतू मवेशियों को खुले में नहीं छोड़ने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित