बेंगलुरु , सितम्बर 01 -- सनत सांगवान (76) और आयुष डोसेजा (52) के अर्धशतकों से उत्तर क्षेत्र ने दक्षिण क्षेत्र के खिलाफ दलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल में मंगलवार को अपनी दूसरी पारी में सात विकेट पर 256 रन बना लिए हैं और उसके पास अब सिर्फ 139 रन की बढ़त है।

दक्षिण क्षेत्र ने सुबह नौ विकेट पर 285 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी में 312 रन बनाये। दक्षिण क्षेत्र को इस तरह पहली पारी में 117 रन की बढ़त मिली। उत्तर क्षेत्र ने पहली पारी में 195 रन बनाये थे। दक्षिण क्षेत्र की पारी में तिलक वर्मा 116 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने कल के 106 रन से आगे खेलना शुरू किया था।

उत्तर क्षेत्र की दूसरी पारी में सांगवान और डोसेजा ने दूसरे विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की। सांगवान इसके बाद आयुष बदौनी (31) के साथ टीम के स्कोर को 175 रन तक ले गए। लेकिन इसके बाद उत्तर क्षेत्र की पारी लड़खड़ा गयी और उसने 209 रन तक जाते-जाते सात विकेट गंवा दिए। निशांत संधू ने नाबाद 20 और अंशुल कम्बोज ने नाबाद 29 रन बनाकर स्टंप्स तक उत्तर क्षेत्र को 256 रन तक पहुंचा दिया।

दक्षिण क्षेत्र की तरफ से एम डी निधीष, कावुरी साईतेजा और श्रेयस गोपाल ने दो-दो विकेट लिए जबकि विधवत कावेरप्पा को एक विकेट मिला।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित