साँची , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के साँची बौद्ध-भारतीय ज्ञान अध्ययन विश्वविद्यालय में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव राम जी अंबेडकर की जयंती उत्साहपूर्वक और गरिमामय वातावरण में मनाई गई।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलसचिव डॉ. रामनिवास गुप्ता ने डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद बौद्ध अध्ययन विभाग के विदेशी विद्यार्थियों ने बुद्ध वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष, शिक्षा, सामाजिक न्याय और समानता के लिए किए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के वंचित और शोषित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का मार्ग दिखाया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार ने उनके आदर्शों पर चलने तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित