सहारनपुर , अप्रैल 24 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 27 अप्रैल को राज्य सूचना आयुक्त मोहम्मद नदीम समस्त विभागों के जनसूचना अधिकारियों एवं उनके प्रथम अपीलीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान सूचना का अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्य सूचना आयुक्त बैठक के साथ किसी एक तहसील एवं विकासखंड के जनसूचना प्रकोष्ठ का निरीक्षण भी करेंगे। निरीक्षण के दौरान सूचना अधिकार के तहत प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में जनसूचना अधिकारियों तथा प्रथम अपीलीय अधिकारियों के समक्ष सूचना का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त आवेदन पत्रों के निस्तारण के दौरान आने वाली समस्याओं पर चर्चा होगी। राज्य सूचना आयुक्त अधिकारियों के प्रश्नों का समाधान करेंगे तथा कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने के निर्देश देंगे।
इसके अलावा सूचना आयोग उत्तर प्रदेश द्वारा जिन प्रकरणों में अब तक अर्थदंड वसूली और क्षतिपूर्ति की कार्रवाई की गई है, उसका विस्तृत विवरण भी लिया जाएगा। साथ ही आयोग में लंबित द्वितीय अपीलों और शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की समीक्षा भी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित