सहारनपुर , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कृषि यंत्रों पर अनुदान प्राप्त करने के इच्छुक किसान 16 से 30 जुलाई तक कृषि विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग करा सकेंगे। यह जानकारी बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम में दी गई।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी किसान दिवस में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें तथा सहकारी समितियों के माध्यम से खाद एवं उर्वरकों की नियमानुसार उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन ने किसानों से सरकार की विभिन्न कृषि एवं ग्रामीण विकास योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने का आह्वान किया।

उप कृषि निदेशक संदीप पाल ने किसानों को फार्मर आईडी बनवाने की सलाह देते हुए कहा कि भविष्य में फार्मर आईडी के बिना सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करना संभव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए 16 से 30 जुलाई तक ऑनलाइन बुकिंग की जाएगी तथा इच्छुक किसान निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आवेदन कर सकते हैं।

किसान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी दी और अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया से किसानों को अवगत कराया।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. वीरेन्द्र कुमार वर्मा ने धान की फसल में संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन तथा उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी। वहीं प्रगतिशील किसान संजय सैनी ने सहजन (मोरिंगा) सहित मकोय, बकुम्बर, दूब घास और चिरायता जैसी औषधीय फसलों की खेती से अतिरिक्त आय अर्जित करने की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रतिनिधियों ने बिजली, सिंचाई, लोक निर्माण, गन्ना और जल शक्ति विभाग से संबंधित विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष उठाईं।

किसान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी कपिल कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. वीरेन्द्र कुमार वर्मा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.पी. सिंह, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा आर.बी. वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिले के लगभग 150 किसानों ने भाग लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित