सहारनपुर , अक्टूबर 21 -- सहारनपुर में भ्रष्टाचार निरोधक दस्ते ने बुधवार दोपहर दो बजे के करीब सदर तहसील के कानूनगो प्रदीप रोहिल्ला को 15 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

इंस्पेक्टर कुशलवीर सिंह ने बताया कि पीड़ित तारीक ने कानूनगो के द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत की थी जिस पर जांच के बाद भ्रष्टाचार निरोधक टीम ने आज दोपहर सदर तहसील मे जाल बिछाया और पीड़ित को केमिकल लगे नोट देकर कानूनगो के पास भेज दिया जैसे ही कानूनगों ने 15 हजार रूपए लिए उसे टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया।

पीड़ित तारीक ने बताया कि उसके पिता के नाम जमीन है। करीब सात माह पहले धारा 24 के तहत आवेदन किया था। उसके फाइल पांच महीने से कानूनगों के पास पड़ी हुई थी। कानूनगों ने उससे 40 हजार रूपए की रिश्वत मांगी थी। पांच हजार रूपए उसने 17 अक्टूबर को उसे दे दिए थे और 15 हजार रूपए लेकर बुधवार को वह वहां पहुंचा। तारीक ने बताया कि वह अभी तक राजस्व विभाग को अपनी जमीन की पैमाइश कराने के लिए करीब 80 हजार रूपए दे चुका है। पुलिस ने कानूनगों को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कराया और जेल भेज दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित