सहारनपुर , जून 02 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सहारनपुर जिले में 100 तालाबों को प्लास्टिक कचरे से मुक्त कर स्वच्छ बनाया जाएगा तथा सामुदायिक शौचालयों का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। जिला पंचायत राज अधिकारी एवं सचिव जिला स्वच्छता समिति प्रदीप कुमार द्विवेदी ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में आयोजित खंड स्वच्छता प्रेरकों एवं सामुदायिक शौचालय महिला केयरटेकरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता विकसित समाज का दर्पण है और पर्यावरण संरक्षण के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने एक से पांच जून तक आयोजित विश्व पर्यावरण दिवस कार्यक्रमों के अंतर्गत शासन द्वारा निर्धारित गतिविधियों को ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साहपूर्वक संचालित करने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

श्री द्विवेदी ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थलों पर एकत्रित कूड़े-कचरे का विशेष अभियान चलाकर निस्तारण कराया जाएगा। इसके अलावा चयनित 100 तालाबों को प्लास्टिक कचरे से मुक्त कर स्वच्छ बनाने की कार्रवाई की जाएगी। सामुदायिक शौचालयों के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।

उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि विकसित समाज के निर्माण में स्वच्छता की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से स्वच्छता के सात प्रमुख आयामों-शत-प्रतिशत शौचालय उपयोग, पर्यावरणीय स्वच्छता, कूड़ा-कचरा प्रबंधन, जल निकासी व्यवस्था, व्यक्तिगत स्वच्छता, सामुदायिक स्वच्छता तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन-पर जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्वच्छता सलाहकार संदीप कुमार, आशीष सिंह सहित सभी खंड स्वच्छता प्रेरक एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन देव भास्कर पांडेय ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित