सहारनपुर , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश का सहारनपुर जिला शनिवार को उस समय 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा, जब मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह ने हेलीकॉप्टर से शिवभक्ति में रमे कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में मंडलायुक्त और डीआईजी ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करते हुए शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की। हेलीकॉप्टर ने सरसावा एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी और पुष्पवर्षा करते हुए घंटाघर, गागलहेड़ी तथा राकेश केमिकल क्षेत्र का भ्रमण किया।

हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर फूल बरसते ही पूरा मार्ग शिवभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। शिवभक्तों ने प्रशासन और पुलिस की ओर से किए गए स्वागत की सराहना की। पुष्पवर्षा से कांवड़ यात्रा मार्ग पर माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी शिवालयों में साफ-सफाई के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुरूप सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित, सुरक्षित और सफल बनाना सभी की जिम्मेदारी है।

इस दौरान मंडलायुक्त और डीआईजी ने विभिन्न राज्यों की ओर जा रहे शिवभक्तों का अभिवादन किया और उनकी पवित्र कांवड़ यात्रा के सकुशल संपन्न होने की कामना की।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन द्वारा भी प्रतिदिन कांवड़ मार्गों और शिविरों का निरीक्षण किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, इसी का परिणाम है कि विभिन्न राज्यों से आने-जाने वाले शिवभक्तों ने कांवड़ यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित