सहारनपुर , अप्रैल 1 -- चतुर्दशी के पावन अवसर पर देवबंद स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां के दर्शन किए और प्रसाद चढ़ाकर मनौतियां मांगीं। इस दौरान मंदिर परिसर "जय माता दी" के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां को चुनरी, नारियल, हलवा-पूरी, बताशे और इलायची का प्रसाद अर्पित किया। कई भक्तों ने अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर चांदी के छत्र भी चढ़ाए। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और देर शाम तक दर्शन का सिलसिला जारी रहा। महिलाओं और युवाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक देखी गई।

देवबंद शक्तिपीठ पर श्रद्धालुओं का आना मंगलवार देर शाम से ही शुरू हो गया था। देश के विभिन्न राज्यों दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचे। मंदिर परिसर में हवन-पूजन और भंडारों का आयोजन भी किया गया।

इसके साथ करीब 20 दिन तक चलने वाले वार्षिक मेले का भी शुभारंभ हो गया। बीती रात राज्यमंत्री बृजेश रावत ने फीता काटकर, नारियल फोड़कर और शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर मेले का उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष बंसल, एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी देहात सागर जैन समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

मेले को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी और एसएसपी ने श्रद्धालुओं से शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन में सहयोग करने की अपील की है। मेला देवीकुंड के विशाल मैदान में आयोजित किया जा रहा है, जहां झूले, सर्कस और खानपान की अनेक दुकानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

मंदिर के मुख्य सेवक पंडित विकास मोना ने बताया कि चतुर्दशी के दिन विशेष पूजा के साथ प्रसाद चढ़ाने का क्रम देर रात तक जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित