सहारनपुर , मई 02 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस ने जुआ और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से नकदी, वाहन और अन्य सामग्री बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि जिले में जुआ, शराब और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक के निर्देशन में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में छह आरोपी हरियाणा के यमुनानगर जनपद के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी शामली जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1.27 लाख रुपये नकद, दो कारें (होंडा अमेज व क्रेटा), एक कैलकुलेटर, तीन रजिस्टर तथा 15 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसएसपी के अनुसार बरामदगी के आधार पर थाना सरसावा में मुकदमा अपराध संख्या 144/26 धारा 3/4 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आईपीएल क्रिकेट मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी कराते थे और उससे प्राप्त धनराशि को आपस में बांट लेते थे। बरामद नकदी भी इसी सट्टेबाजी से अर्जित की गई बताई गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित