सहारनपुर, जून 13 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के बिहारीगढ़ क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि क्षेत्र के धौलाकुआं के पास तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक को टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में बाइक सवार लविश (26),मां राजदुलारी (55),बहन अंजना उर्फ तन्नू (20) और तीन साल की रुही गंभीर रुप से घायल हो गये। जिन्हे अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया।

उन्होने बताया कि लविश की शादी 2022 में हुयी थी और वह अपनी मां,बहन और पुत्री के साथ अपने ससुराल कोठड़ी गया था जहां से सभी अपने गांव मलकपुर वापस लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि कार सवार नाबालिग है। उसे भी चोट आयी है लेकिन खतरे से बाहर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित