सहारनपुर , जनवरी 25 -- सहारनपुर जनपद के बेहट क्षेत्र में रविवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश अभियुक्त को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा व दो जिंदा कारतूस (.315 बोर), गोकशी के उपकरण तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बेहट पुलिस टीम ग्राम शाकुम्बरी रोड पर चड्ढा फार्म हाउस के आगे संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान कस्बा बेहट की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसकी मोटरसाइकिल पर पीछे प्लास्टिक का कट्टा बंधा हुआ था। पुलिस टीम को चेकिंग करते देख वह व्यक्ति अचानक चड्ढा फार्म हाउस की ओर मुड़कर तेज गति से भागने लगा। पुलिस द्वारा पीछा करने पर कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई।

पुलिस टीम को अपने पास आता देख अभियुक्त ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार एवं घायल अभियुक्त की पहचान भूरा पुत्र आलिम निवासी ग्राम चांडी, थाना बेहट, सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार गौकश भूरा के विरुद्ध थाना बेहट में गौकशी सहित अन्य अपराधों के लगभग आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित