सहारनपुर , मार्च 31 -- भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई की नवगठित कार्यसमिति की पहली बैठक मंगलवार को जिला अध्यक्ष ठाकुर अजीत सिंह राणा की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय पर आयोजित हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बैठक में पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति सदस्यों का अभिनंदन और परिचय कराया गया। भाजपा के महानगर प्रभारी एवं यूपी सिडको के चेयरमैन वाईपी सिंह ने आगामी 6 अप्रैल को पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर कार्यकर्ता दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण, रंगोली, ध्वजारोहण तथा लाभार्थियों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे।

राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने विश्वास जताया कि नई जिला कमेटी 2027 के विधानसभा चुनाव में बेहतर परिणाम देगी। वहीं जिला अध्यक्ष अजीत सिंह राणा ने कार्यकर्ताओं से पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।

बैठक में नकुड़ विधायक मनोज चौधरी, पूर्व विधायक नरेश सैनी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने विचार रखे। कुल 87 में से 52 सदस्य बैठक में उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री पवन संवई ने किया। हालांकि बैठक में तीन विधायक देवेंद्र निम, कीरत सिंह चौधरी, राज्यमंत्री बृजेश सिंह तथा निवर्तमान जिला अध्यक्ष महेंद्र सैनी की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित