सहारनपुर , मई 4 -- सहारनपुर में नगर कोतवाली के नुमाईश कैंप निवासी एक महिला ने सहेली के साथ मामूली कहासुनी को लेकर उसके 14 वर्षीय पुत्र की नहर में डुबो कर हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि महिला पूजा (38) ने दुकान खरीद के मामले में पैसा देने में हुए विलंब के दौरान 16-17 साल से सहेली बनी पड़ोस की महिला ज्योति के सबसे छोटे बेटे अंशुमन (14) को अपनी स्कूटी पर ले जाकर अंबाला रोड़ पर नहर में डुबो दिया था। ज्योति ने नगर कोतवाली में अपने बेटे की गुमशुदुगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

एसपी सिटी ब्योम बिंदल ने बताया कि इस मामले में पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थी और पचास से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले गए। सीसीटीवी फुटेज में एक महिला अंशुमन को स्कूटी बैठाकर ले जाती दिखाई दी। पुलिस ने शक के आधार पर पूजा को हिरासत में लेकर उससे लंबी पूछताछ की। वह पुलिस को लगातार गुमराह करती रही और आखिर में उसने सच उगल ही दिया। उसकी सूचना पर पुलिस ने सिंचाई विभाग से कहकर बड़ी नहर बंद कराई और 17 गोताखोरों ने लगातार 14 घंटे अंशुमन के शव की तलाश की। अंशुमन के शव के फेंके गए स्थान से 150 मीटर की दूरी से कल बरामद कर लिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित