सहारनपुर , फरवरी 26 -- सहारनपुर जिले की फतेहपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान लूट के मामले में वांछित एक घायल सहित दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, चार जिंदा एवं दो खोखा कारतूस, लूटे गए 2.80 लाख रुपये तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली कि गांव राजपुर में एक पशु व्यापारी से लूट करने वाले आरोपी ग्राम गंगाली की ओर से आ रहे हैं। कुछ ही देर में एक मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर वे मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान शुभम निवासी ग्राम लडवा, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस तथा 1.50 लाख रुपये बरामद हुए।

कॉम्बिंग के दौरान दूसरे आरोपी अंकित को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक तमंचा, दो जिंदा व एक खोखा कारतूस, 1.30 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित