सहारनपुर , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के नागल थाना क्षेत्र में ग्राम शीतल खेड़ा के पास बीती रात पुलिस मुठभेड़ में गौकशी के मुकदमे में वांछित एक बदमाश को घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सिंह ने बताया कि संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रागिब निवासी ग्राम पाण्डौली, थाना नागल, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कॉम्बिंग की जा रही है। घायल बदमाश को उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना नागल में गौकशी, आर्म्स एक्ट समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित