सहारनपुर , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले की सदर बाजार पुलिस ने पुलिस लाइन से संबद्ध खनन कार्रवाई बल में तैनात कांस्टेबल टिंकू को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और दहेज उत्पीड़न सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतका सरिता के भाई एवं उपनिरीक्षक नवीन ने थाना सदर बाजार में दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि टिंकू दहेज की मांग को लेकर उसकी बहन को प्रताड़ित करता था तथा शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। आरोप है कि 14 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे टिंकू ने सरकारी इंसास राइफल से गोली मारकर सरिता की हत्या कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार यादव ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से गृहकलह चल रहा था। सरिता ने कुछ समय पूर्व एडीजी मेरठ को भी शिकायत पत्र दिया था, हालांकि बाद में पति के समझाने पर उसने मामला आगे नहीं बढ़ाया। उन्होंने कहा कि घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का भी प्रतीत होता है, इसलिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त इंसास राइफल को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से अन्य साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं।

थाना प्रभारी चंद्रसेन सैनी ने बताया कि आरोपी कांस्टेबल टिंकू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 85 तथा दहेज प्रताड़ना से संबंधित प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

टिंकू वर्ष 2016 बैच का कांस्टेबल है और मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव पलटी का निवासी है। मृतका सरिता मेरठ के सिंधावली क्षेत्र की रहने वाली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित