सहारनपुर , अक्टूबर 25 -- सहारानपुर के द दून वैली पब्लिक स्कूल, देवबंद में दीपावली के पावन अवसर पर रविवार को भारत सरकार की कौशल विकास एवं उद्यमिता को प्रोत्साहित करने की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए उद्यमिता विकास पर आधारित भव्य मेले 'खरी कमाई' का रविवार को आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि देवबंद नगर पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग, डॉ. डी. के. जैन (वरिष्ठ चिकित्सक, देवबंद), विनोद गुप्ता (समाजसेवी), श्याम कुमार अग्रवाल, आशुतोष गुप्ता (समाजसेवी), अभिषेक त्यागी एवं राकेश गर्ग के साथ विद्यालय के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता, डायरेक्टर अनुराग सिंघल, मैनेजर श्रीमती सुमन सिंघल, मैनेजमेंट सदस्य श्रीमती मानसी सिंघल एवं प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा के द्वारा माँ सरस्वती जी के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मेले में विद्यार्थियों ने विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, कार्य-कौशल एवं व्यावसायिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हस्तनिर्मित वस्तुओं, दीपावली की सजावटी सामग्री, दीयों, मोमबत्तियों, झालरों, खानपान एवं मनोरंजक खेलों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। विद्यार्थियों ने अपने उत्पादों की बिक्री करते हुए व्यापार की बारीकियों को समझा और 'खरी कमाई' के उद्देश्य को सार्थक रूप प्रदान किया। दीपावली के सजावटी सामान से सजा विद्यालय परिसर 'जगमग बाजार' के रूप में आकर्षक दिखाई दिया। खानपान के स्टॉलों पर आगंतुकों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों का आनंद लिया, वहीं गेम्स के स्टॉल पर भी खूब उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के कला विभाग ने परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया।

संगीत विभाग के स्टॉल पर आगंतुकों ने माइक पर संगीत के साथ अपनी गायकी का हुनर भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाने के लिए करेंसी एक्सचेंज, प्राथमिक चिकित्सा, पूछताछ एवं खोया-पाया जैसी व्यवस्थाएँ भी की गईं। मेले में उपस्थित दर्शकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भरपूर आनंद लिया। देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने अभिभावकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। दीपावली से संबंधित नृत्य-नाटिका और गरबा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्साह, उमंग और उल्लास से सराबोर कर दिया। वहीं, यूकेजी से कक्षा द्वितीय तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने फैंसी ड्रेस और रैंप वॉक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित सभी लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया।

विद्यालय के चेयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि 'खरी कमाई' जैसे आयोजन विद्यार्थियों को व्यापार की बारीकियों से परिचित कराने के साथ-साथ धन के महत्व, परिश्रम और ईमानदारी से कमाई करने का वास्तविक अर्थ समझाते हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने तथा उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

विद्यालय के डायरेक्टर अनुराग सिंघल ने कहा कि इस मेले के माध्यम से विद्यार्थियों में उद्यमिता की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया है। मेले से अर्जित लाभ का कुछ भाग चैरिटी कार्यों में लगाया जाएगा तथा शेष राशि का उपयोग प्रतिभागी विद्यार्थियों की इच्छा के अनुसार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भविष्य में सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित करते हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार के अवसर प्रदान कर सकें।

विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं। इससे उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है। साथ ही, वे करुणा, सहानुभूति और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे नैतिक मूल्यों को अपनाते हुए एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित