सहारनपुर , जून 26 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शुक्रवार शाम थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र में देहरादून-पंचकुला राजमार्ग पर एक कार के पीछे आ रही दूसरी कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कार में सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी और दूसरी कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस काे इसकी जानकारी दी और तत्काल एंबूलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां सुदेश पत्नी चरण सिंह, पुत्रवधु प्रीति और पोते शिवांस और एक बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे में प्रवीण, सहदेव और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिनका उपचार जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने बताया कि हरियाणा के सोनीपत जिले के मंडोरा निवासी चरण सिंह अपने परिवार के साथ टाटा पीआगो कार से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। कार में उनके साथ पत्नी सुदेश, बहु प्रीति, पोता शिवांस और परिवार के अन्य लोग थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाइ की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित