सहारनपुर , मई 2 -- सहारनपुर के थाना बड़गांव एवं मिर्जापुर क्षेत्र में मिले दो अज्ञात शवों के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुये दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन सिंह ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि प्रारंभ में 18 अप्रैल को बड़गांव क्षेत्र में मिले शव और 27 अप्रैल को मिर्जापुर क्षेत्र में युवती के शव को अलग-अलग घटनाएं माना जा रहा था, लेकिन गहन जांच में दोनों मामलों का आपस में जुड़ाव सामने आया। पुलिस व सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में बागपत निवासी सुधारस चौहान और उसके साथी कपिल चौहान को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त कार, लाइसेंसी पिस्टल, खून से सने कपड़े, चाकू व हथौड़ा बरामद किए गए। दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।
जांच में सामने आया कि मृतक विक्रांत मथुरा में एक प्लॉट खरीद रहा था, जिसे लेकर उसका राखी कश्यप से विवाद था। आरोपी सुधारस चौहान ने पूछताछ में बताया कि राखी ने उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया और उससे 25 लाख रुपये वसूले। बाद में उसने विक्रांत को रास्ते से हटाने के लिए सुधारस को उकसाया।
पुलिस के अनुसार 16 अप्रैल को विक्रांत को राखी के फ्लैट पर बुलाया गया, जहां प्लॉट को लेकर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान राखी और सुधारस ने लाइसेंसी पिस्टलों से गोली मारकर विक्रांत की हत्या कर दी। शव को कार में रखकर सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र के पास नदी में फेंक दिया गया। विक्रांत की गुमशुदगी के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर राखी ने आरोपी पर दबाव बनाना शुरू किया। इससे घबराकर सुधारस ने अपने साथी कपिल के साथ मिलकर राखी की हत्या की साजिश रची। पार्टी के बहाने उसे सहारनपुर लाया गया, जहां फतेहपुर कलां क्षेत्र के एक फार्महाउस में हथौड़े व चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को रजवाहे में फेंक दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राखी कश्यप बागपत की निवासी थी और अकेले रहती थी। उसके पारिवारिक संबंध सीमित थे। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित