सहारनपुर , मई 12 -- सहारनपुर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से बैटरियां चोरी करने वाले एक अंतर जनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी की गई 25 मोबाइल टावर बैटरियां, एक मोटरसाइकिल तथा वारदात में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो कार बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने मंगलवार को पत्रकारो को बताया कि थाना बेहट पुलिस ने अभियान चलाकर गिरोह के तीन सदस्यों सलमान , सारिक तथा कादिर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सलमान पर 36, सारिक पर 16 तथा कादिर पर 17 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले एक-दो माह के दौरान जनपद और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल टावरों से लगातार बैटरियां चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में थाना बेहट प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घुन्ना मोड़ के पास चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के पास प्लास्टिक के दो बोरों में मोबाइल टावरों से चोरी की गई बैटरियां भरी हुई थीं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के समय वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर वारदात को अंजाम देते थे।

एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि अधिकांश मोबाइल टावरों पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं रहते या फिर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरती जाती है, जिसका फायदा उठाकर यह गिरोह चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की गई बैटरियों को बेचकर आरोपी आर्थिक लाभ कमाते थे।

उन्होंने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है तथा पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से मोबाइल टावरों पर होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित