सहारनपुर , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले के देवबंद में शत्रु संपत्ति से जुड़े जालसाजी के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया है। जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने मामले में शिथिलता पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब तलब किया है, जबकि पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस निरीक्षक कपिल देव ने मंगलवार को बताया कि देवबंद कोतवाली में 29 नवंबर 2025 को दर्ज शत्रु संपत्ति से संबंधित जालसाजी के मामले में गिरफ्तार आरोपी सैय्यद मोहम्मद तैय्यब न्यायालय में पेश किए जाने से पहले ही कोतवाली से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार इस संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मयंक पाठक ने मामले में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इस बीच मुकदमे के वादी सैय्यद आरिफ हुसैन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि मामला दर्ज होने के आठ माह बाद भी पुलिस ने न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने शत्रु संपत्ति के संबंध में फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका उपयोग किया।
उधर शिकायतकर्ता सैय्यद आरिफ हुसैन और उनके पिता सैय्यद अकिल हुसैन ने जिलाधिकारी अरविंद चौहान से मुलाकात कर राजस्व अधिकारियों पर मामले में शिथिलता बरतने का आरोप लगाया। शिकायत पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सलील कुमार पटेल से जवाब तलब करते हुए प्रकरण में तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि मामले में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित