सहारनपुर , अक्टूबर 07 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले की जनकपुरी पुलिस और एंटी नारकोटिक सेल ने बुधवार को एक मादक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो किलो 24 ग्राम स्मैक बरामद की है।

अंतर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की कीमत लगभग चार करोड़ रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने बताया कि एसओजी प्रभारी राजीव सक्सेना की अगुवाई में एक बड़े पुलिस दल ने आज अवैध स्मैक कारोबार के गिरोह के सरगना साकिर पुत्र महमूद निवासी मोहल्ला खान आलमपुरा को चार करोड़ चार लाख अस्सी हजार रूपए कीमत की दो किलो 24 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अभिनंदन सिंह ने आज शाम पुलिस लाइन में पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नारकोटिक्स विभाग 24 घंटे नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने में लगा है। गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से बड़े स्तर पर नशीले पदार्थों की तस्करी में लगा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित