सहारनपुर , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बेहट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 804 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 4.10 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी बेहट प्रिया यादव ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालीब पुत्र सलीम निवासी ग्राम असगरपुर, थाना मिर्जापुर तथा अमित सिंह पुत्र कटार सिंह निवासी ग्राम बुठेड़ा, थाना सरसावा, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गंदेवड़ अड्डे से चिलकाना की ओर जाने वाले मार्ग पर दोनों संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 804 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बरेली क्षेत्र से स्मैक लाकर सहारनपुर जनपद और आसपास के क्षेत्रों में उसकी आपूर्ति करते थे। पुलिस को आशंका है कि दोनों एक संगठित नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और अन्य सहयोगियों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित