सहारनपुर , अक्टूबर 25 -- सहारनपुर में चतुर्दशी (चौदस) पर रविवार को मां शाकंभरी देवी सिद्धपीठ में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से मेला क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मां के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु सिद्धपीठ पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के दृष्टिगत जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशन में मेला क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिनकी श्रद्धालुओं द्वारा सराहना की जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि मां के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा वे शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में दर्शन-पूजन कर सकें।

जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मेला क्षेत्र में व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं पर निरंतर नजर रखने तथा आवश्यकता के अनुसार समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। मेला क्षेत्र में प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों को लेकर श्रद्धालुओं ने संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं की प्रशंसा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित