सहारनपुर , सितंबर 11 -- सहारनपुर में कलेक्ट्रेट मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद आज पहले जुम्मे को पूरे जिले में मस्जिदों में कड़ी पुलिस चौकसी और ड्रोन की निगरानी में मुसलमानों ने नमाज अदा की।

सहारनपुर नगर में जामा मस्जिद में दोपहर एक बजे आज जुम्मे की नमाज अदा की गई। डीआईजी अभिषेक सिंह और अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। जनपद में सभी संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस और अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती की गई। देवबंद, नानोता, नकुड़, गंगोह, सरसावा में एसडीएम, सीओ और पुलिस निरीक्षक स्थिति पर नजर रखे हुए थे।

पूरे जिले के सभी नगर और कस्बों में फ्लेग मार्च किया गया और शांति समिति की बैठकों में सभी से शांति और सौहार्द्र का माहौल बनाए रखने की अपील की गई। पूरे जनपद में जुम्मे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित