सहारनपुर , अक्टूबर 10 -- देवबंद में शाकंभरी देवी से ज्योत लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं को शनिवार भोर बर्तनों से भरे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए हैं।

पुलिस ने शनिवार को बताया कि शाकंभरी देवी से माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली को बर्तनों से भरे कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए। सभी मृतक मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में सहारनपुर और मेरठ रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, सरधना क्षेत्र के कुशावली गांव के करीब 18 लोग सात अक्तूबर को शाकंभरी देवी के दर्शन करने गए थे। आज सुबह करीब सात बजे सभी माता की ज्योत लेकर पदयात्रा करते हुए वापस लौट रहे थे। देवबंद में हाईवे स्थित फ्लाईओवर पर श्रद्धालुओं ने रस्सी का घेरा बनाकर कुछ देर आराम करने के लिए रुकने का निर्णय लिया। इसी दौरान पीछे से आए बर्तनों से भरे कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में कुशावली गांव निवासी रमेश (41), सागर (35), अमन (24) और सतेंद्र की मौत हो गई। वहीं, 15 के करीब श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए घायलों को सहारनपुर और मेरठ के अस्पतालों में रेफर किया गया।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने अपनी गाड़ियों, बाइकों और एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

सीओ देवबंद अमित कुमार सिंह ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद राघव लखन पाल शर्मा, बजरंग दल के पूर्व के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी एवं देवबंद के वरिष्ठ भाजपा नेता ठाकुर अनिल सिंह पुंडीर ने हादसे पर दुख जताते हुए घायलों से उनका हालचाल जाना।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित