सहारनपुर , मई 6 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में दो सगे भाइयों समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये से अधिक कीमत की 518 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) गंगोह अशोक शिशोदिया ने बुधवार को बताया कि थाना नकुड़ पुलिस ने दो शातिर तस्करों शमशाद और समयदीन पुत्रगण मंजूरा निवासी गांव नवाजपुर खेड़ा को सहारनपुर-अम्बेहटा मार्ग से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 504 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।

वहीं थाना फतेहपुर पुलिस ने अलग कार्रवाई करते हुए ग्राम रसूलपुर के बाग में चेकिंग के दौरान जाकिर पुत्र अय्यूब निवासी फतेहपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 12.64 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि इस मामले में फरार चल रहे अभियुक्त आजाद पुत्र जमील निवासी गांव गंदेवड़ा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित