सहारनपुर , मई 20 -- सहारनपुर के फतेहपुर क्षेत्र के गांव शहजादपुर उर्फ ढालवाला में आवारा कुत्तों के झुंड ने घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी गुलफाम का चार वर्षीय पुत्र हमदान घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा किसी तरह कुत्तों को भगाकर बच्चे को बचाया।
गंभीर रूप से घायल हमदान को परिजन तत्काल मुजफ्फराबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गौरतलब है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले 27 अप्रैल को गांव चाऊपुर में आवारा कुत्तों के झुंड ने आठ वर्षीय बच्चे पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। वहीं करीब बीस दिन पूर्व एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर के मासूम बेटे की भी कुत्तों के हमले में मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हिंसक और आवारा कुत्तों को पकड़वाने तथा क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित