सहारनपुर , जुलाई 26 -- कृषि विपणन विभाग, विदेश व्यापार विभाग एवं एपीडा के संयुक्त तत्वावधान में नवीन मंडी स्थल (ई-नाम मंडी), सहारनपुर में आम उत्पादकों (एफपीओ/किसानों) एवं निर्यातकों के मध्य एमओयू कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना तथा आम के निर्यात को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के दौरान लाडवा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, सहारनपुर एवं बीएमएस ऑर्गेनिक एफपीओ, लखनऊ के मध्य 30 मीट्रिक टन चौसा एवं लंगड़ा आम, लाडवा फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड एवं उत्कृष्ट प्रोड्यूसर कंपनी, लखनऊ के मध्य 10 मीट्रिक टन चौसा आम, देवबंद प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड एवं बीएमएस ऑर्गेनिक एफपीओ, लखनऊ के मध्य 10 मीट्रिक टन चौसा आम तथा एसएनडीएस एक्सपोर्ट कंपनी एवं प्रगतिशील किसान बसंत राणा के मध्य 10 मीट्रिक टन गुलाब जामुन आम के क्रय-विक्रय हेतु एमओयू संपन्न हुए। कार्यक्रम में उप निदेशक (प्रशासन), मंडी परिषद, सहारनपुर देवेन्द्र कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर एपीडा, लखनऊ से एसोसिएट आलोक मिश्रा, मुकेश कुमार, मार्केटिंग ऑफिसर राहुल यादव, मंडी सचिव देवेन्द्र प्रताप, मार्केटिंग इंस्पेक्टर मुकुल कुमार सहित एफपीओ प्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान, आम निर्यातक एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में किसानों एवं निर्यातकों को आम की गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, एपीडा पंजीकरण तथा निर्यात प्रक्रिया की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे एमओयू किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने, एफपीओ को सशक्त बनाने तथा सहारनपुर से कृषि एवं बागवानी उत्पादों के निर्यात को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित