सहारनपुर , मई 30 -- सहारनपुर जिले में शनिवार दोपहर में आंधी, तूफान और बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। बेहट क्षेत्र में नदियों में बाढ़ आ गई। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है।

गुरूवार देर रात से बिगड़े मौसम का मिजाज अभी भी जारी है। बृहस्पतिवार देर रात मां शाकुम्बरी देवी स्थल में रात्रि एक-डेढ़ बजे के करीब पहाड़ों से आए पानी से मां शाकुम्बरी खोल में बाढ़ के हालात पैदा हो गए थे। जिसमें दो महिलाओं 65 वर्षीय सावित्री देवी सैनी और एक अन्य महिला 60 वर्षीय चंद्रो निवासी कस्बा छुटमलपुर थाना फतेहपुर की मौत हो गई थी।

जिला प्रशासन ने दोनों महिलाओं के परिजनों को चार-चार लाख रूपए के चैक सहायता के रूप में प्रदान किए। जिला पुलिस प्रशासन ने मां शाकुम्बरी देवी की यात्रा को 31 मई तक के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। जिला प्रशासन इस आपदा से हुए नुकसान का जायजा ले रहा है। कमिश्नर डा. रूपेश कुमार ने आज बताया कि आपदा से पीड़ितों को तत्काल जरूरी सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह के मुताबिक मां शाकुम्बरी देवी मंदिर के पास प्रसाद और अन्य सामान बेचने वाली पचास से ज्यादा दुकानें पानी के तेज बहाव में बह गई थी। देवबंद निवासी कुलदीप और रोहताश की बाइकें अगले दिन सुबह एक किलोमीटर दूर खस्ता हालत में मिली। मां शाकुम्बरी देवी मंदिर प्रांगण में जलप्रवाह में अस्थाई पुल भी बह गया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, एमएलसी शाहनवाज खान और बेहट के सपा विधायक उमर अली ने आपदा से हुए नुकसान की जानकारी ली और वह पीड़ितों से भी मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित