सहारनपुर , मई 23 -- सहारनपुर जिले में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ डंपरों को उपखनिज सहित जब्त किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) उत्तर प्रदेश के निर्देश पर अवैध खनन, ओवरलोडिंग तथा बिना नंबर के डंपर एवं ट्रकों के संचालन पर रोक लगाने के लिए 23 और 24 मई तक दो दिवसीय सघन एवं आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित के नेतृत्व में थाना बेहट पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाया।

अभियान के दौरान विभिन्न टीमों का गठन कर थाना क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रेशर, स्क्रीनिंग प्लांट, यमुना नदी के खनन जोन तथा आवागमन मार्गों पर बैरियर लगाकर सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों से नौ डंपरों को बिना वैध प्रपत्रों के तथा ओवरलोड उपखनिज का परिवहन करते हुए पकड़ा। सभी डंपरों को उपखनिज सहित जब्त कर थाना बेहट में खड़ा कराया गया है।

पुलिस ने बताया कि जब्त वाहनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित