सहारनपुर , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरसावा पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बिना वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री ले जा रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने बताया कि अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा अवैध खनन और उसके परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक के निर्देशन में थाना सरसावा प्रभारी निरीक्षक प्रवेश कुमार शर्मा एवं खनन विभाग की टीम ने गुरुवार को शाहजहांपुर चौकी क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिना वैध खनन प्रपत्रों के रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं, जिन्हें नियमानुसार सीज कर दिया गया।

एसएसपी ने कहा कि इस प्रकार की कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग एवं नियम विरुद्ध परिवहन पर अंकुश लगाना है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कानून व्यवस्था भी सुदृढ़ बनी रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित