सहारनपुर , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया तथा चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि थाना सरसावा पुलिस और खनन विभाग की टीम ने शाहजहांपुर चौकी क्षेत्र में ओवरलोडिंग और अवैध खनन सामग्री के परिवहन के खिलाफ अभियान चलाते हुए यह कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक (देहात) सागर जैन ने बताया कि सीज किए गए वाहनों के चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देश पर जिले में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की जा रही है और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित