सहारनपुर , अक्टूबर 28 -- सहारनपुर के खनन क्षेत्र बेहट तहसील स्थित चार स्टोन क्रेशरों की जांच में वहां अनियमित उप खनिज भंडारण पाए जाने पर प्रशासन ने लाइसेंस मुअत्तल कर दिया और एक करोड़ 37 लाख 31 हजार 200 रूपए की धनराशि का जुर्माना लगाया।

जानकारी के मुताबिक दो क्रेशर संचालकों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया और दो संचालकों ने जवाब ही नहीं दिया। इसके बाद आज बुधवार को कार्रवाई की गई। ग्राम मसूदपुर गढ़ स्थित मैसर्स हिमाल्यन स्टोन क्रेशर के भंडारण स्थल पर 6431 घनमीटर उप खनिज अवैध खनन परिवहन से संबंधित पाया गया। यहां 66,73,760 रूपए का राजस्व नुकसान आंका गया।

ग्राम बरथा कोरसी स्थित मैसर्स सम्राट स्टोन क्रेशर पर 1995 घनमीटर उप खनिज मिला। इस मामले में 24,15,200 रूपए का राजस्व नुकसान आंका गया। वहीं पर स्थित एक अन्य स्टोन क्रेशर मैसर्स तासू पर 1183 घनमीटर उप खनिज मिला। यहां 16,35,680 रूपए का राजस्व नुकसान आंका गया। गांव बरथा कोरसी के स्टोन क्रेशर मैसर्स मोहर सिंह एंड कंपनी पर 2611 घनमीटर उप खनिज अधिक भंडारित पाया गया। जांच में 4,17,760 रूपए रायल्टी 20,88,800 रूपए खनिज मूल्य और 5 लाख रूपए अर्थदंड सहित कुल 30,06,560 रूपए की धनराशि तय की गई। जांच के बाद जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने इन चारों क्रेशरों के भंडारण लाइसेंस निलंबित करते हुए आंकी गई धनराशि जमा कराने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित