सहारनपुर , अगस्त 10 -- सहारनपुर जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक किशोरी समेत चार लोगों ने आत्महत्या कर ली। इनमें एक युवक ने पुलिस कार्रवाई के दबाव और गिरफ्तारी के भय के बीच फांसी लगाकर जान दे दी। एक अन्य युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की।

पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने सोमवार को बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम गांव में शमीम (30) ने बीती रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव की ही एक युवती के पिता ने शमीम और एक अन्य युवक वाजिद के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शमीम के भाई नदीम को हिरासत में लेकर दबाव बनाया था। पुलिस परिजनों से शमीम को पुलिस के सामने पेश करने के लिए कह रही थी और उसके घर पर लगातार दबिश दी जा रही थी। परिजनों को यह भी आशंका थी कि पुलिस मुठभेड़ में शमीम को मार सकती है। इसी दबाव के चलते शमीम द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात परिजन कह रहे हैं। मामले की पुलिस जांच कर रही है।

थाना मंडी क्षेत्र में रविवार रात 16 वर्षीय किशोरी ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह घर में अकेली थी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण प्रेम-प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के पहासु गांव में सूरजपाल के पुत्र निखिल (25) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। निखिल के पिता सूरजपाल ने पुलिस को तहरीर देकर अपने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है और तीन युवकों को नामजद किया है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

इसी थाना क्षेत्र के मल्लीपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर देहात कोतवाली क्षेत्र निवासी रविंद्र (45) ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। परिजनों की ओर से इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित