सहारनपुर/लखनऊ , सितंबर 7 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को ध्वस्त किए जाने की घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के पीड़ितों और मस्जिद कमेटी के सदस्यों से मिलने जा रहे उन्हें और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बलपूर्वक रोककर गिरफ्तार कर लिया।

अजय राय ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि भाजपा सरकार के इशारे पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ तानाशाही रवैया अपनाया तथा बल प्रयोग कर उन्हें गिरफ्तार किया।

उन्होंने कहा कि सरकार यह भली-भांति सुन ले कि दमनकारी हथकंडों और पुलिस के बल से कांग्रेस की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई हर हाल में जारी रखेगी। राय ने पुलिस कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ बताते हुए प्रदेश सरकार से जवाब मांगा।

गौरतलब है कि जिला जज न्यायालय का फैसला आने के बाद कलेक्ट्रेट में बनी मस्जिद को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया है। अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए शहर में जगह-जगह भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित