सहारनपुर , सितंबर 5 -- सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद मामले के मुख्य शिकायतकर्ता और बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए इसे न्यायालय के आदेश के अनुरूप और विधिसम्मत बताया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और जिला प्रशासन का आभार जताया।
श्री त्यागी ने कहा कि ध्वस्तीकरण की पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। उन्होंने दो सितंबर को जिला जज की अदालत द्वारा दिए गए फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि कानून सर्वोपरि है और सरकारी परिसरों एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध अतिक्रमण अथवा निर्माण को स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस मामले में लंबे समय तक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया चली तथा प्रत्येक स्तर पर कानून के दायरे में रहकर कार्रवाई की गई। उनके अनुसार, प्रशासन की इस कार्रवाई से न्यायपालिका और प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
मुख्य शिकायतकर्ता ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से अपेक्षा की कि सरकारी परिसरों और सार्वजनिक संपत्तियों को अवैध कब्जों से मुक्त रखने के लिए भविष्य में भी प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित