सहारनपुर , मई 27 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में देहरादून रोड स्थित खान आलमपुरा फर्नीचर मार्केट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से लाखों रुपये का फर्नीचर और कच्चा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक फर्नीचर शोरूम की छत पर आग लगी, जो देखते ही देखते आसपास के चार अन्य फर्नीचर शोरूमों की छतों तक फैल गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

गंगा फर्नीचर शोरूम के मालिक राघव ने बताया कि शोरूम की छत पर सोफा, फोम तथा फर्नीचर तैयार करने में उपयोग होने वाली लकड़ी और अन्य कच्चा सामान रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया।

घटना के बाद दुकानदार नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित